भाजपा संगठन होगा और मजबूत

नाहन (सिरमौर)। शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि संसदीय क्षेत्र में भाजपा संगठन को और मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारी जी-जान से जुटे रहें। संगठन के चुनाव निर्धारित तिथि पर करवाए जाएंगे। लोकसभा में गिरिपार को जनजातीय क्षेत्र घोषित करने संबंधी मांगों को वह फिर लोकसभा में उठाएंगे।
वे यहां सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सिरमौर में बूथ स्तर पर चले सदस्या अभियान के तहत शिलाई निर्वाचन क्षेत्र से 7976 प्राथमिक सदस्य एवं 275 सक्रिय कार्यकर्ता हैं। पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा की प्राथमिक सदस्यों की संख्या 6372 एवं सक्रिय सदस्य 158 हैं। इसी प्रकार नाहन में प्राथमिक सदस्य 8637 एवं सक्रिय सदस्य 358 है। जबकि श्री रेणुकाजी से प्राथमिक सदस्य 6291 है एवं सक्रिय सदस्यों की संख्या 164 हैं। पांवटा निर्वाचन क्षेत्र में प्राथमिक सदस्यों की संख्या 7300 एवं सक्रिय सदस्य 225 हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय रेल मंत्री पवन बंसल समीप चंडीगढ़ से हैं इसलिए लोकसभा में सर्वप्रथम उनकी ओर से उठाई गई इंडस्ट्रीयल कोरिडोर रेल मार्ग जिसमें धनौली-बद्दी, कालांअंब-पांवटा-देहराूदन मांग इस बार के रेल बजट में पास होने की पूरी आशा है। उन्होंने कहा कि अधिक बारिश एवं बर्फबारी बहुल क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग सीमेंट से बनाने की मांग उचित है और उसे हिमाचल में शुरू किया जाना चाहिए। इस मौके पर भाजपा के उपाध्यक्ष विनय गुप्ता, मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग और प्रदीप विज आदि मौजूद थे।

Related posts