
चंबा। भाजपा की ओर से सरदार बल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि पर रन फार यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक, पदाधिकारी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सबसे पहले सुबह करीब साढ़े दस बजे भाजपा कार्यकर्ताओं ने भरमौर जीरो प्वाइंट से बाजार व अस्पताल होते हुए सर्किट हाउस तक दौड़ लगाई। इस दौड़ में पांचों विस क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इसके बाद सर्किट हाउस के बाहर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें भाजपा के कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी राजीव भारद्वाज मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा के जिला अध्यक्ष व रन फोर यूनिटी के जिला संयोजक डीएस ठाकुर ने कार्यक्र म की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने सरदार बल्लभ भाई पटेल की जीवनी पर प्रकाश डाला। इसके अलावा उपस्थित लोगों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। सदर के विधायक बीके चौहान ने कहा कि गुजरात में नर्मदा नदी के साथ नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल की 186 मीटर की प्रतिमा बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यह विश्व की सबसे बड़ी प्रतिमा होगी। इसमें पूरे देश का लोहा और मिट्टी शामिल होगी। इस प्रतिमा के लिए चंबा जिले से भी मिट्टी व लोहा गुजरात भेजा जाएगा। इसके बाद चुराह के विधायक हंस राज, भटियात के विधायक विक्रम जरियाल, डलहौजी की पूर्व विधायक रेणू चड्ढा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जियालाल, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष जय सिंह ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष जय सिंह, भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष धीरज नरियाल, आईटी सेल के प्रदेश सदस्य विनायक रैणा, समाजसेवी बदेशर सिंह पठानिया सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
