भाजपा कार्यकर्ताओं को तराशेंगे दिग्गज नेता

कुल्लू। भाजपा की जिला इकाई की रविवार को परिधि गृह में हुई बैठक में 17 सितंबर से प्रस्तावित अभ्यास वर्ग पर चरचा की गई। बैठक में भाजपा के पदाधिकारी, जिला मोर्चों के अध्यक्षों, महामंत्री और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष गोविंद सिंह ठाकुर ने की। इसमें जिले के चारों मंडलों के अभ्यास वर्गों की तिथियां तय कर इसके आयोजन की रूपरेखा बनाई गई।
अभ्यास वर्ग का शुभारंभ 17 सितंबर से बंजार विस क्षेत्र में होगा। इसमें विधायक जयराम ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह, राम स्वरूप शर्मा, जिला अध्यक्ष गोविंद ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष खीमी राम शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की। 21 सितंबर को आनी में होने वाले अभ्यास वर्ग में विधायक जयराम ठाकुर, उपाध्यक्ष राम स्वरूप शर्मा और गोविंद ठाकुर भाग लेंगे। तीस सितंबर को मनाली और कुल्लू विस का अभ्यास वर्ग संयुक्त रूप से रहेगा। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, जयराम ठाकुर, गोविंद ठाकुर मौजूद रहेंगे। प्रदेश के प्रशिक्षण प्रमुख युवराज बौद्ध चारों अभ्यास वर्गों की व्यवस्थाओं की देखरेख करेंगे।
बैठक में खीमीराम शर्मा, चंद्रसेन ठाकुर, प्रताप ठाकुर, युवराज बौद्ध, कुल्लू मंडल के अध्यक्ष विजेंद्र सेन, मनाली मंडल के अध्यक्ष बाल मुकुंद राणा, बौद्धराज, अनिरुद्ध खेर, शारदा पोतदार, अमर ठाकुर, बलदेव महंत, हुकम राम, सुरेंद्र शौरी और सौरव भारद्वाज समेत कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस मौके पर सभी कार्यकर्ताओं ने हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार चुने जाने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व को बधाई प्रस्ताव भेजा गया।

Related posts