भवन की छतों का होगा नवीनीकरण : सौरभ

सितारगंज। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के पुत्र सौरभ बहुगुणा ने कहा कि राजकीय बालिका इंटर कालेज के जर्जर भवन की छतों का नवीनीकरण कराया जाएगा। इसके लिए उन्होंने उपजिलाधिकारी मनीष कुमार सिंह को इस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। सौरभ ने कालेज में फर्नीचर बनवाने के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कालेज परिसर में मिट्टी भरान का भी आश्वासन दिया है।
सोमवार को मुख्यमंत्री के पुत्र सौरभ बहुगुणा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राजकीय बालिका इंटर कालेज का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से समस्याओं की जानकारी भी ली। छात्राओं ने स्कूल में खराब हैंडपंप ठीक कराने की मांग की। इस पर सौरभ ने पालिकाध्यक्ष कांता प्रसाद सागर को पालिका मद से हैंडपंप ठीक कराने को कहा। प्रभारी प्रधानाचार्या अर्चना पाठक ने बताया कि कालेज के भवन की छतें टपकती हैं। मैदान भी नीचा है। जिससे जलभराव हो जाता है। छात्राओें के बैठने के लिए फर्नीचर की व्यवस्था भी नहीं है।
इस पर सौरभ ने फर्नीचर के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। कहा कि तीन दिन के भीतर फर्नीचर बनाने को पैसा अवमुक्त हो जाएगा। कालेज परिसर में दिसंबर के प्रथम सप्ताह में मिट्टी भरान का कार्य आरंभ करा दिया जाएगा। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि गुरजीत सिंह, मंडी चेयरमैन अमरजीत सिंह कटवाल, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष सुखदेव सिंह, हसनैन मलिक, मो. अली, हेमंत मिगलानी, सरताज अहमद, हरपाल सिंह आदि थे।

Related posts