
भरमौर (चंबा)। उपमंडल भरमौर में भालुओं ने इन दिनों काफी आंतक मचा रखा है। भरमौर क्षेत्र में भालुओं ने दो लोगों पर हमला कर दशहत का माहौल पैदा कर दिया है। शुक्रवार को भरमाणी माता के दर्शन करने जा रही एक श्रद्धालु पर रीछ ने हमला कर दिया। इससे महिला श्रद्धालु की बाजू में चोट आईं हैं। यह घटना मल्कौता गांव के पास शाम के वक्त हुई। श्रद्धालु मंडी जिले की बताई जा रही है। दूसरी तरफ शुक्रवार शाम को अपने घर जा रहे तिलक राम को भालू ने अपना निशाना बनाया है। शाम आठ बजे के करीब चामुंडा मंदिर सेरी के पास भालू ने व्यक्ति पर अचानक हमला कर दिया। शोर मचाने के बाद भालू भाग निकला। व्यक्ति की छाती व पीठ में चोटें आई हैं। व्यक्ति को भरमौर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपमंडल भरमौर में डेढ़ माह में भालुओं के हमले के करीब एक दर्जन मामले सामने आ चुके हैं। लोगों ने भालुओं द्वारा उजाड़ी गई फसल का भी प्रशासन ने मुआयना करने व उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है। प्रहलाद, रमेश, जैसी, चतरो, छांगा, तिलक, प्रीतो, भागी ने बताया कि उनके खेतों में भालुओं ने मक्की की फसल तबाह कर दी है। भालुओं के हमलों के डर से लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्हाेंने कहा कि भालू लोगों व मवेशियों पर हमला कर रहे हैं।
उधर, वन विभाग के रेंज आफिसर चतर सिंह, बीओ ओमकार सिंह ने अस्पताल में जाकर घायलों का कुशलक्षेम जाना और घायलों को विभाग की ओर से मदद प्रदान करने की बात कही।
