ब्याज तो दिया नहीं, सवा लाख भी काटे

रामपुर बुशहर। हिमुडा ने नगर परिषद को ब्याज तो दिया नहीं उल्टे सवा लाख रुपये भी गटक लिए। मूलधन में सवा लाख की कटौती किए जाने से नगर परिषद ने तेवर तीखे किए हैं और जल्द हिमुडा के खिलाफ सख्त कदम उठाने की तैयारी में है।
नगर परिषद ने पार्किंग निर्माण के लिए हिमुडा को दो साल पहले साठ लाख रुपये दिए थे। मगर, पार्किंग के कार्य में दिलचस्पी न लेने पर हाल ही में नगर परिषद ने सख्त कदम उठाते हुए हिमुडा से कार्य वापस ले लिया और धनराशि ब्याज समेत मांग ली। कुछ दिन पहले ही हिमुडा ने राशि नगर परिषद को वापस लौटा दी। दो साल में करीब पांच से दस लाख रुपये ब्याज के साथ नगर परिषद को 70 लाख रुपये के आसपास राशि मिलने की उम्मीद थी, लेकिन हिमुडा ने ब्याज देना तो दूर मूलधन में ही सवा लाख रुपये की कटौती कर दी। ब्याज न देने और ऊपर से मूलधन में सवा लाख रुपये की कटौती किए जाने पर नगर परिषद ने रोष जताया है। अब नगर परिषद हिमुडा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है। नगर परिषद हिमुडा को जल्द नोटिस भेजकर ब्याज न देने और मूलधन में कटौती किए जाने के बारे में जवाब मांगेगी। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने माना कि हिमुडा ने सवा लाख रुपये कम लौटाए हैं। जबकि, ब्याज की राशि भी नहीं दी है। उन्होंने कहा कि इसके बारे में हिमुडा को नोटिस भिजवाया जा रहा है। हिमुडा को साठ लाख रुपये के अलावा साइट पर दुकानें तोड़ने की एवज में 60 हजार रुपये भी देने थे, यह राशि भी नहीं दी है। इधर, हिमुडा के एसडीओ देसराज गांधी ने बताया कि सवा लाख रुपये पार्किंग के टेंडर लगाने समेत कुछ अन्य कार्य में खर्च हुए हैं। इसलिए, मूलधन की राशि में कटौती हुई है।

Related posts