
चुवाड़ी (चंबा)। चुवाड़ी स्थित राज्य सहकारी बैंक की शाखा में एक व्यक्ति के करीब एक लाख रुपये गायब हो गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। लोक संपर्क विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी प्रेम प्रकाश पुत्र देवी दत्ता निवासी चुवाड़ी ने बताया कि मंगलवार को करीब 12 बजे उसने एसबीआई बैंक से मैच्योर हुई एक लाख रुपये की एफडी को एसबीआई शाखा चुवाड़ी से निकलवाया। इसके बाद कैश को सहकारी बैंक में जमा करवाने गया। बाउचर भरने के बाद सहकारी बैंक के काउंटर पर जैसे ही कैश निकालने को जेब में हाथ डाला, तो कैश गायब था। उन्होंने इस बारे में बैंक प्रबंधन को बताया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस कर्मियों ने बैंक में जांच पड़ताल की। इसके बाद एसबीआई में जाकर शाखा प्रबंधक हंस राज से बात की। सीसीटीवी कै मरा की फु टेज को खंगालने के बाद पाया गया कि प्रेम प्रकाश ने एसबीआई शाखा से एक लाख निकाले और गेट से बाहर निकल गए थे। उधर सहकारी बैंक के सीसीटीवी खराब होने के कारण आगे की जानकारी नहीं मिली। सहकारी बैंक के जिला मैनेजर केबी सिंह ने बताया कि चुवाड़ी शाखा में काउंटर की मरम्मत का कार्य चला हुआ है। इसके चलते सीसीटीवी खराब हैं। उन्होंने कहा कि कैमरे ठीक करवाने के लिए उच्चाधिरियों को लिखा गया है।
डीएसपी डलहौजी संतोष शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला रोजनामचे में दर्ज कर लिया। उन्होंने कहा कि मौके पर बैंक में उपस्थित उपभोक्ताओं के नाम की सूची ले ली है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
