
हल्द्वानी। 15 अक्तूबर को टनकपुर रोड पर हुई आठवीं की छात्रा की आत्महत्या का मामला गरमा गया है। बुधवार को पिता ने आत्महत्या के लिए स्कूल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए एसएसपी से जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने कथित रूप से उनकी बेटी को परीक्षा में कम नंबर दिए, जिस कारण उसकी रैंक नहीं आई और उसने आत्महत्या कर ली।
टनकपुर रोड निवासी श्याम नाथ गोस्वामी ने अपनी शिकायत में कहा कि उनकी बेटी शिक्षा टनकपुर रोड स्थित द्रोण पब्लिक स्कूल में आठवीं की छात्रा थी। 15 अक्तूबर को उसने आत्महत्या कर ली थी। सुसाइड नोट में लिखा था कि उसकी रैंक नहीं आई इस वजह से जान दे रही है। आरोप है कि 15 अक्तूबर को स्कूल प्रबंधन ने शिक्षा को बताया था कि इस बार भी उसकी रैंक नहीं आ रही, जिसके कारण वह डिप्रेशन में आ गई। पिता ने उसकी और टापर बच्चों की कक्षा 6, 7, 8वीं की अर्धवार्षिक और वार्षिक परीक्षा की कापियां दोबारा जांचने की मांग एसएसपी से की है। बुधवार को वे इस मामले की शिकायत लेकर सामाजिक कार्यकर्ता गुरविंदर चड्ढा और हेमंत गोनिया के साथ एसएसपी से मिले थे।
कोट-
आठवीं कक्षा में रैंक ही खत्म कर दी गई है। ऐसे में स्कूल की ओर से रैंक की बात कहे जाने का सवाल ही नहीं।
तरुण मठपाल, स्कूल प्रबंधक
—
मामले की जांच की जाएगी। स्कूल प्रबंधन से भी जानकारी ली जाएगी।
डा. कमरुद्दीन, सदस्य, बाल कल्याण समिति
