बूरंग नाले के जलस्तर ने बढ़ा दी परेशानी

सांगला (किन्नौर)। जिले के निचार खंड के तहत आने वाली ग्राम पंचायत रूपी के लोगों को बूरंग नाले का जलस्तर बढ़ने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि इस गांव के लोगों को खाद्य सामग्री लाने के लिए भी करीब चालीस किलोमीटर का पैदल सफर कर बाजार पहुंचना पड़ रहा है। लोगों की परेशानी तब और बढ़ जाती है, जब किसी बीमार को अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। क्षेत्रवासियों को निगुलसरी, भावानगर, रामपुर, शिमला और रिकांगपिओ जाने के लिए बड़ा कंबा से करीब चालीस किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। जिले के रूपी पंचायत के हुरवा शिगारचा, पोष्पा, बूरंग, छाडिंग, नालिंग 1, नालिंग 2, मजगांव, गुरगुरी और डबलिंग के सैकड़ों लोगों को इन दिनों बूरंग नाले का जलस्तर बढ़ने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाले में जलस्तर बढ़ने के कारण लोगों को पांच सौ मीटर की दूरी तय करने के लिए चालीस किलोमीटर का सफर करना पड़ रहा है। हालांकि, लोनिवि ने स्पैन की सुविधा तो दी है लेकिन उसमें न तो रस्सी लगा रखी है और न ही वहां विभाग का कर्मचारी तैनात है। पंचायत प्रधान रूपी रघुदास नेगी, वार्ड सदस्य डुलु देवी नेगी, राज कुमार नेगी, रेखा नेगी, ईश्वर दास नेगी, सनम डोलमा नेगी, युवक मंडल रूपी के अध्यक्ष धर्मपाल नेगी, मंदिर कमेटी रूपी के अध्यक्ष कृष्ण लाल नेगी, महिला मंडल प्रधान हुरवा पाली देवी नेगी, महिला मंडल प्रधान मजगांव मानदासी नेगी, मुकेश नेगी, रामदेव नेगी, रोशन लाल नेगी, शिव कुमार नेगी, संजीव नेगी, मनमोहन सिंह नेगी ने सरकार और प्रशासन से झूले की हालत सुधारने की मांग की है। हालांकि, सौ मेगावाट शौरंग पॉवर प्रोजेक्ट का काम भी चल रहा है, लेकिन पुल निर्माण के बारे में कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोनिवि एक्सईएन भावानगर बीएस मेहता ने बताया कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। अगर कोई परेशानी है तो उसे जल्द दूर किया जाएगा।

Related posts