
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर-बग्गी मार्ग पर कोट के निकट शनिवार सुबह एक महिला बीएसएल नहर में कूद गई। राहगीरों ने महिला को पानी में डूबते हुए देखा तो शोर मचाया, लेकिन उफनती नहर से महिला को बाहर निकालने की कोई हिम्मत नहीं कर पाया। इसी दौरान वहां मौजूद अमित सेन ने सुंदरनगर के युवा समाजसेवी अश्वनी सैनी को इस घटना की फोन पर जानकारी दी। अश्वनी ने डाइविंग एसोसिएशन की टीम के प्रधान शिवराम, अशोक, शिव लाल, राकेश कुमार और चुनी लाल को अपने वाहन में घटनास्थल पर पहुंचाया। गोताखोर संत राम ने नहर में डूबती महिला को अपनी टीम और वहां मौजूद लोगाें की सहायता से रस्सा डालकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन इससे पहले महिला दम तोड़ चुकी थी। महिला की शिनाख्त कोट निवासी माया देवी (47) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक मंडी आरएस नेगी ने बताया पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
