
बिना पहचान पत्र नहीं दिया प्रवेश
नालागढ़ (सोलन)। मिनी छात्र संसद चुनाव में नालागढ़ महाविद्यालय में 73.87 फीसदी मतदान हुआ है। इस बार कुल 1784 मतदाताओं में से 1318 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें से 685 छात्रों में से 554 छात्र मतदाताओं ने अपने वोट डाले और छात्रों की वोट प्रतिशतता 88.87 फीसदी रही और 1099 छात्रा मतदाताओं में से 765 ने अपने वोट डाले।
इस प्रकार छात्राओं की मत प्रतिशतता 69.51 फीसदी रही। हालांकि मतदान प्रक्रिया सुबह धीमी रही, लेकिन धीरे-धीरे छात्र मतदाताओं ने महाविद्यालय में आना शुरू कर दिया और 11:30 बजे तक कालेज में 57.28 फीसदी मतदान हो चुका था। जिसमें 1022 छात्र मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। 1:30 बजे तक 1297 छात्र मतदाताओं ने मतदान कर लिया था, जिसमें 545 छात्र व 752 छात्रा मतदाता शामिल थीं। नालागढ़ महाविद्यालय में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था और एसएचओ सहित एक रिजर्व को तैनात कर करीब 50 पुलिस कर्मी चप्पे-चप्पे पर खड़े नजर आए। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुई।
बिना पहचान पत्र नहीं हुआ प्रवेश
पुलिस बल ने महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर ही बिना पहचान पत्र के छात्र मतदाताओं को प्रवेश करने नहीं दिया। सभी छात्र मतदाताओं के बाकायदा पहचान पत्रों की जांच हुई और उसके बाद ही उन्हें महाविद्यालय के भीतर प्रवेश करने दिया गया। महाविद्यालय प्रशासन ने पहले ही निर्देश जारी कर रखे थे कि बिना पहचान पत्र के किसी भी आउटसाइडर को प्रवेश न होने दिया जाएगा। सभी छात्र मतदाताओं के मतदान के समय भी पहचान पत्र जांचे गए और 10 पोलिंग बूथों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई।
शांतिपूर्वक ढंग से हुआ मतदान
महाविद्यालय प्राचार्य डा. द्वारिका ध्ररेला ने कहा कि महाविद्यालय में मतदान शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुआ। डीएसपी सुशील शर्मा ने कहा कि अप्रिय घटना व अनहोनी से निपटने के लिए भारी मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
