बिना नल लगाए थमा दिया 475 रुपए का बिल

बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल के आईपीएच विभाग द्वारा बिना नल लगाए पानी का 475 रुपए का बिल देने का मामला प्रकाश में आया है। आईपीएच विभाग के बिल ने बल्ह नलोचां के कर्मचंद के होश उड़ा दिए। आईपीएच ने अप्रैल 2012 को निजी नल स्वीकृत किया था। विभाग ने उसे नल तो नहीं लगाया लेकिन बिल अवश्य थमा दिया। आईपीएच विभाग बड़सर उपमंडल कार्यालय द्वारा अप्रैल 2012 को ग्राम पंचायत कलवाल के गांव बल्ह नलोचां के कर्मचंद पुत्र ध्यान चंद को निजी नल स्वीकृत हुआ था। कर्मचंद ने घर तक सात पाइपें लगाने का आग्रह किया था लेकिन विभाग ने आज दिन तक नल नहीं लगाया। जबकि बिल नंबर डीएसआईएसटी 1030 के तहत 475 रुपए का बिल भेज दिया।
बीपीएल परिवार से संबंधित कर्मचंद सात पाइप तथा बिल राशि जुटाने में असमर्थ है। दिहाड़ी मजदूरी कर कर्म चंद अपने परिवार का पालन पोषण करता है तथा नल लगाने के लिए पाइपों का जुगाड़ कर पा रहा है। कर्मचंद ने बताया कि उसके घर के लिए सात पानी की पाइपें लगनी थी। जनवरी 2011 में विभाग ने घर-घर जाकर नल लगाने के लिए आवेदन लिए थे। इस दौरान कई लोगों को निजी नल के लिए विभाग ने पाइपें उपलब्ध करवाई थीं। उन्होंने विभाग से पाइपों की व्यवस्था कर नल लगाने तथा बिल राशि माफ करने का आग्रह किया है।
अधिशासी अभियंता धमेंद्र गिल ने इस संदर्भ में बताया कि नल लगाए बिना बिल नहीं भेजा जाता है। उपभोक्ता को ऐसे में बिल जमा करवाने की आवश्यकता नहीं है। सहायक अभियंता से इस बारे जवाब मांगा जाएगा।

Related posts