बिजली भत्ता 50 से 150 रुपये किया

मंडी। संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ जिला कार्यकारिणी की बैठक राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर के साथ बिजणी स्थित विश्राम गृह में हुई। इस दौरान महासंघ के 15 सूत्रीय मांग पत्र पर विस्तार से चर्चा की गई। कौल सिंह ठाकुर ने बिजली भत्ता 50 रुपये से बढ़ाकर डेढ़ सौ रुपये तथा सभी पटवार खानों में बिजली मीटर सरकार की ओर से लगाए जाने की स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा स्टेशनरी भत्ता 50 से 100 रुपये बढ़ाने, 6 से 8 पटवारियों पर एक कानूनगो की नियुक्ति, नायब तहसीलदार और तहसीलदार की विभागीय परीक्षा वर्ष में एक बार राजस्व प्रशिक्षण संस्थान जोगिंद्रनगर में करवाने, जमाबंदी का दौर पांच साल करने, रिकार्ड कीपर के पदों को भरने, कानूनगो से नायब तहसीदार के पद पर 70 प्रतिशत कोटा, अनुबंध पर रखे गए पटवारियों को भी बिजली एवं स्टेशनरी भत्ता दिए जाने पर स्वीकृति प्रदान की। इसके अतिरिक्त भविष्य निधि से धन राशि निकालने की शक्तियां डीडीओ को दी गई। इस अवसर पर पटवार एवं कानूनगो महासंघ के प्रधान हेमराज शर्मा, वरिष्ठ उप प्रधान भारत भूषण राणा, महासचिव दिनानाथ शर्मा मौजूद रहे।

Related posts