
उरला (मंडी) पधर उपमंडल के नारला और सनेड़ गांव में अचानक बिजली की हाई वोल्टेज आने से लगभग दो दर्जन उपभोक्ताओं के विद्युत उपकरण जल गए। घटना सोमवार शाम के समय हुई। ऐसे में एकाएक बढ़ी बिजली की वोल्टेज के कारण उपभोक्ताओं का लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। इससे लोगों में विद्युत बोर्ड के खिलाफ खासा आक्रोश है। गुस्साए उपभोक्ताओं का कहना है कि इस तरह की घटना पहले भी कई बार घटित हो चुकी है, लेकिन बिजली बोर्ड इस समस्या के समाधान के लिए कोई भी प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है।
उपभोक्ताओं में केशव दास, राजकुमार, प्रकाशो देवी, अविनाश, श्याम लाल, हितेश कुमार, सुरेश कुमार, अमर चंद, घनश्याम, राजकुमार महाजन, प्रकाश चंद, हरदेव, सुनील कुमार और कर्म सिंह ने बताया कि सोमवार शाम को बिजली की हाई वोल्टेज आने से सीएफएल बल्ब, ट्यूब लाइट, टेलीविजन, फ्रीज तथा कंप्यूटर आदि अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण जल गए। इसकी शिकायत उपभोक्ताओं ने फोन के माध्यम से उसी समय विभागीय कार्यालय में की, लेकिन समस्या का हल न होने के कारण ग्रामीणों को रात भी अंधेरे में गुजारनी पड़ी। लोगों ने कहा कि आए दिन बिजली की आंख मचौली से वे परेशान हैं। इनका कहना है कि बार-बार घटना घटने के बाद भी बोर्ड कोई सबक नहीं ले रहा है। उपभोक्ताओं ने बिजली बोर्ड से नुकसान का पूरा मुआवजा मुहैया करवाने की मांग उठाई है। उन्होंने साफ शब्दों मेें कहा कि विभाग मुआवजा नहीं देता है तो वे उपभोक्ता फोरम में अपनी शिकायत दर्ज करवाएंगे।
उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता ओसी वर्मा का कहना है कि शाट सर्किट होने के कारण अचानक हाई वोल्टेज आई है, जिससे विद्युत उपकरण जलने की जानकारी उन्हें मिली है। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे घरों में बिजली कंट्रोल करने का उपकरण लगाएं।
