बाहरी लोगों को नौकरी पर उखड़े बेरोजगार

कुल्लू। बेरोजगार शारीरिक शिक्षकों ने कुल्लू में एक बैठक कर कई मुद्दों पर चर्चा की। संघ के प्रदेश सचिव ज्ञान चंद की अध्यक्षता में हुई बैठक में खास कर शारीरिक शिक्षकों ने बैचवाइज भर्ती पर विस्तार से चर्चा की। हिमाचल बरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ कुल्लू के जिला प्रेस सचिव दीप प्रकाश ने बताया कि शारीरिक शिक्षकों की बैचवाइज भर्ती जिला स्तर की होती है, जबकि इस बैचवाइज भर्ती में दूसरे जिलों के उम्मीदवार भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि सूचना का अधिकार के तहत मांगी गई सूचना से यह खुलासा हुआ है कि वर्ष 2000 से 2011 तक शारीरिक शिक्षकों की बैचवाइज भर्ती में दूसरे जिलों के उम्मीदवारों ने नौकरी हासिल की है। इन सभी उम्मीदवारों ने रोजगार कार्यालय में फर्जी पता दे रखा था। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही ऐसे सभी उम्मीदवारों की सूची बनाकर विजिलेंस में केस दर्ज किया जाएगा। उन्होंने सूचना का अधिकार के तहत मांगी गई सूचना का हवाला देते हुए कहा कि कुछ लोगों ने फर्जी पते दे रखे थे, जिसका खुलासा हुआ है। उनका कहना है कि कुल्लू में नौकरी हासिल करने के लिए उन्होंने अपना नाम स्थानातंरित किया है। इन कारणों से कुल्लू के स्थायी उम्मीदवारों को आजतक नौकरी नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ की अगली बैठक 25 अक्तूबर होगी। बैठक में निखिल, संजय कुमार, अमित, अजय कुमार, रीना, संगीता, विनोद कुमार, ठाकर दास, रामदेव शर्मा आदि उपस्थित थे।

Related posts