बावड़ियों के दोबारा सैंपल भरेगी नप

मंडी। शहर में फैले पीलिया रोग पर आईजीएमसी शिमला की सैंपल रिपोर्ट में हुए खुलासे के बाद अब नगर परिषद मंडी शहर की बावड़ियों की रिसैंपलिंग करेगी। नप बुधवार को शहर की सभी बावड़ियाें के दोबारा सैंपल भरेगी। सैंपलाें को जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के बाद ही बावड़ियों का पानी पीने अथवा न पीने पर फैसला होगा। नप ने दोबारा सभी बावड़ियों की क्लोरिनेशन की है।
शहर में मार्च माह में पीलिया ने लोगाें को अपनी चपेट में जकड़ना शुरू किया था। लेकिन अभी तक पीलिया का प्रकोप नहीं थम पा रहा है। अस्पताल में पीलिया के मामले लगातार पहुंच रहे हैं। पीलिया के मामले बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने पीने के पानी में खोट बताया था। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने 27 मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए आईजीएमसी शिमला भेजे थे। आईजीएमसी से आई सैंपल रिपोर्ट में पीलिया का ए वायरस होने की पुष्टि हुई थी। यह वायरस दूषित जल के सेवन से ही फैलता है। संभावना जताई गई है कि शहर में पीलिया के मामले सार्वजनिक बावड़ियों का पानी पीने से ज्यादा फैल आ रहे हैं। इस पर नगर परिषद मंडी ने शहर की अठारह में से सोलह पेयजल बावड़ियों का पानी पीने पर रोक लगा दी है। अब नगर परिषद बावड़ियों के पानी की रिसैंपलिंग करेगी। इसके बाद ही बावड़ियों का पानी पीने पर लगी रोक हटेगी।
नप के कार्यकारी अधिकारी अजय पराशर ने बताया कि शहर की सभी डेढ़ दर्जन पेयजल बावड़ियाें की रिसैंपलिंग की जाएगी। बुधवार को बावड़ियाें से सैंपल लिए जाएंगे। जब तक सैंपल रिपोर्ट नहीं आती तब तक बावड़ियाें का पानी पीने पर रोक रहेगी।

Related posts