बालू में चट्टान गिरने से कैंटर क्षतिग्रस्त

सुलतानपुर (चंबा)। बालू बाजार के साथ लगती बन्नू की पहाड़ी से दो बड़ी चट्टानें गिरने से अफरा-तफरी मच गई। एक चट्टान के सड़क किनारे खड़े कैंटर पर गिरने से कैंटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। साथ ही पद्मश्री कैलाश चंद महाजन पावर हाउस का बोर्ड भी टूट गया है। कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह टूटा है। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। बताया जा रहा है उस समय अगर वहां से कोई राहगीर गुजर रहा होता, तो अप्रिय घटना घट सकती थी। एक चट्टान सड़क के ऊपर ही पहाड़ी पर अटक गई है। जब चट्टान कैंटर पर गिरी तो मार्ग से चंद समय पहले एक स्कूली वाहन भी वहां से गुजरा था। गुलाबदीप पुत्र जुमण गांव व डाकघर परोथा के कैंटर (नंबर एचपी 73 0997) पर भारी भरकम चट्टान गिरने से काफी नुकसान हुआ है। चट्टान गिरने के पश्चात उस स्थान पर काफी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और सदर थाना के हेड कांस्टेबल पवन ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई। पुलिस का कहना है कि चट्टान अचानक गिरी है। इसकी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

Related posts