बालू में केरोसिन के सात अवैध ड्रम पकड़े

चंबा। स्थानीय पुलिस थाना के तहत बालू में पुलिस ने छापेमारी के दौरान जमाखोरी कर अवैध तौर पर रखे गए मिट्टी के तेल के सात ड्रम बरमाद किए हैं। इनमें से छह ड्रम भरे और एक ड्रम आधा शामिल है। इनमें कुल 1540 लीटर मिट्टी का तेल बरामद हुआ है। पुलिस ने सभी ड्रम कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। इस मामले में करोड़ी स्थित सस्ते राशन के डिपो के डिपो होल्डर सुरजीत कुमार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधियम की धारा, 7 और आईपीसी की धारा 379 के तहत चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार शाम को बालू स्थित एक हलवाई के गोदाम में छापेमारी की। इस दौरान चोरी छिपे बेचे जा रहे मिट्टी के तेल के सात ड्रम बरामद किए गए। इन्हें आरोपी डिपो होल्डर मुनाफा कमाने के लिए बेचने जा रहा था। एएसआई एस कपूर की अगुवाई में पुलिस टीम ने मिट्टी के तेल के ड्रमों को कब्जे में ले लिया। साथ ही मौके पर मौजूद आरोपी सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सभी ड्रमों को एक वाहन में डालकर पुलिस थाने पहुंचाया गया। जांच करने पर मिट्टी तेल की मात्रा 1540 लीटर निकली है। ज्ञात रहे कि मिट्टी का तेल डिपो होल्डरों को तयशुदा मात्रा में ही दिया जाता है, मगर वे इसे जरूरतमंद लोगों को देने के बजाय जमाखोरी करके दुकानदारों को मुंहमांगे दामों में बेच देते हैं। यह धंधा काफी समय से चल रहा था, मगर जमाखोरों के खिलाफ जिला में यह पहली कार्रवाई है।

डीएसपी हेडक्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने मामले की पुष्टि की है। उन्हाेंने कहा कि आरोपी डिपो होल्डर के खिलाफ चोरी व आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है।

Related posts