
धर्मपुर मंडी। शुक्रवार को भी जिला में मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह से बादल छाए रहे से कई क्षेत्रों में बारिश हुई। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कई संपर्क सड़कों पर ल्हासे गिरने से अवरूद्ध हो गए। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बारिश से किसानों के चेहरे खिले हैं।
बारिश के चलते धर्मपुर मढ़ी वाया भरतपुर मुख्यमार्ग यातायात के लिए बाधित हो गया। इस रूट पर चलने वाली गाड़ियां वाया बनवार कलां अपने गतव्य तक पहुंची। जिस कारण लोगों को अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी परेशानी उठानी पड़ी और पैदल ही चलकर अपने घर पहुंचना पड़ा। इसके साथ ही विभिन्न संपर्कं मार्गों पर ल्हासे गिरने से अवरूद्ध हो गए। धर्मपुर से संधोल वाया स्योह, धर्मपुर से गोरत वाया रांगड़, धर्मपुर से कमलाह वाया खाबर, धर्मपुर से सरी, धर्मपुर से बल्याणा, धर्मपुर से फिहड़, धर्मपुर से बिंगा, धर्मपुर से मठी बनवार वाया छपाणु, धर्मपुर से सतरेहड़, धर्मपुर से बरोटी वाया सरसकान, धर्मपुर से पैहड वाया कौसल, धर्मपुर से झरेड़ा, धर्मपुर से बरोटी वाया काढांपतन रखेड़ा, धर्मपुर से ध्वाली वाया बरडाना, धर्मपुर से कलस्वाई आदि सड़कों पर यातायात बाधित रहा।
उधर बारिश से क्षेत्र के किसानों के चेहरे खिल गए हैं। किसान राजकुमार, कर्म चंद, ब्यासदेव, कालीदास, श्यामलाल, सोता राम, प्रेमपाल इत्यादि का कहना है कि वर्षा के कारण किसानों को लाभ पहुंचा है और गंदम की फसल आने की उम्मीद जग गई है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता प्रकाश चंद वर्मा से संपर्कं करने पर उन्होंने बताया कि वर्षा के कारण सड़कों में स्लीप आ गए हैं। जिस कारण यातायात बाधित रहा सड़कें ठीक है। मौसम साफ होते ही यातायात बहाल हो जाएगा।
