
बागेश्वर। बागनाथ मंदिर समिति की बैठक में मंदिर की सुरक्षा और सौंदर्यीकरण कोे लेकर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने सुरक्षा के लिए यहां सीसी कैमरे लगाने की मांग की। बाणेश्वर मंदिर की दीवार का पुनर्निर्माण करने का निर्णय लिया गया। यहां की मूर्तियों के लिए नीलेश्वर में संग्रहालय बनाने की भी मांग की गई।
मंदिर परिसर में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बागनाथ मंदिर परिसर में स्थित बाणेश्वर मंदिर की एक दीवार और प्रवेश द्वार जीर्ण हो जाने के कारण गिरने का खतरा है। मूल स्वरूप को बरकरार रखते हुए इसका पुनर्निर्माण किया जाएगा। वक्ताओं ने बागनाथ मंदिर के परिसर का विस्तार करने पर भी जोर दिया और मंदिर में सुरक्षा के लिए सीसी कैमरे लगाने की मांग की। इस मौके पर बागनाथ मंदिर की प्राचीन मूर्तियों के लिए नीलेश्वर मंदिर के पास संग्रहालय बनाने की भी मांग की गई। सदस्यों ने गोमती पुल के समीप वाहन पार्किंग बनाने की मांग की। 26 जनवरी को माघी खिचड़ी का भव्य कार्यक्रम कराने पर सहमति बनी। तय हुआ कि उत्तरायणी मेले के दौरान अलाव की व्यवस्था की जाएगी, व्यापारी कैलाश परिहार के सहयोग से मंदिर को सजाया जाएगा। बैठक में प्रधान पुजारी पूरन रावल, पुजारी हेम जोशी, त्रिलोक चंद्र, राजा साह, चंद्रशेखर जोशी, त्रिलोक पांडे, पंकज पांडे, खीमानंद आदि उपस्थित थे।
