बल्ब के साथ जलाना पड़ रहा दीया

तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत सेईकोठी के तीन गांवों में लो वोल्टेज की समस्या चल रही है। इस कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कताें का सामना करना पड़ रहा है। नवराड़ एक और दो तथा राख गांवों में पिछले 15 दिन से लो वोल्टेज की समस्या चल रही है। इन गांवों में बिजली की रोशनी इतनी कम होती है कि ग्रामीणों को बिजली के साथ-साथ दीया भी जलाना पड़ रहा है। इस कारण लगभग 15 परिवारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी हरि सिंह, परस राम, सोभिया राम, दिलीप सिंह, चमन लाल, सोहन लाल, केवल सिंह, दिनेश कुमार, करतार सिंह और चैन लाल ने बताया कि इन दिनों स्कूली बच्चों के सेकेंड टर्मिनल एग्जाम चले हुए हैं, लेकिन लो वोल्टेज होने के कारण बच्चों को पढ़ाई करने में काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। इसके अलावा ग्रामीणों को खाना बनाने में भी अड़चनें पेश आ रही हैं। उन्होंने बिजली बोर्ड से मांग की है कि इन गांवों में जल्द बिजली की आपूर्ति सुचारू की जाए। उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता बालकृष्ण डोगरा ने बताया कि सेईकोठी में लगा ट्रांसफार्मर जल गया है। इन गांवों को जुठेड़ ट्रांसफार्मर से बिजली की सप्लाई दी जा रही है। इस कारण दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

Related posts