
केलांग। बर्फ से लकदक रोहतांग दर्रा को लांघने के दौरान राहगीरों की सुरक्षा के लिए वन विभाग और व्यापार मंडल ने भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। रोहतांग दर्रा से सटे हरचा गडू स्थान पर वन विभाग ने एक रेस्क्यू हट बनाया है। यहां बर्फबारी और आपातकाल के दौरान फंसने वाले राहगीरों की सुरक्षा के लिए खाद्यान्न समेत अन्य जरूरी सामान का भंडारण किया गया है। मंगलवार को डीएफओ लाहौल वन मंडल हीरा लाल राणा अपने लावलश्कर के साथ हरचा गडू पहुंचे। यहां उन्होंने चावल, मैगी, आटा, नमक, केरोसिन, माचिस समेत करीब दस क्विंटल बालन लकड़ी को स्टोर किया। हीरा लाल राणा ने बताया कि रोहतांग दर्रा पैदल आरपार करते समय बर्फबारी और तूफान के कारण कई यात्री जरूरी सुविधा और मद्द उपलब्घ नहीं होने के कारण जिंदगी और मौत से जूझते हैं। लिहाजा, विभाग ने विधायक एवं नेशनल एसटी कमीशन के उपाध्यक्ष रवि ठाकुर के निर्देश पर केलांग व्यापार मंडल और जिला प्रशासन की मदद से मंगलवार को रोहतांग के साथ लगते हरचा गडू स्थित रेस्क्यू हट में खाद्यान्न समेत जरूरी वस्तुओं का भंडारण किया है। राणा ने बताया कि पैदल यात्रा के दौरान प्राकृतिक विपदाओं से बचने के लिए राहगीर इस हट में ठहरकर अपनी जान बचा सकते हैं। उन्होंने बताया कि विभाग ने हट में पहले ही करीब दस क्विंटल बालन लकड़ी का भंडारण कर रखा है। इस दौरान टीम में वन खंड अधिकारी नाथूराम, वन रक्षक अमीर ठाकुर समेत कई कर्मी मौजूद रहे।
