बर्फबारी से फिर ठहरा जनजीवन

रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले में भारी बर्फबारी से जनजीवन एक बार फिर ठहर गया है। करीब पैंतालीस सेंटीमीटर से अधिक बर्फ गिरने से जिला मुख्यालय रिकांगपिओ का देश-दुनिया से संपर्क कट गया। ताजा हिमपात से तापमान में भारी गिरावट आई है। इसके चलते लोगों को कड़ाके की ठंड से जूझना पड़ रहा है। किन्नौर में रविवार रात से ही हिमपात हो रहा है। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में ही पैंतालीस सेंटीमीटर से अधिक बर्फ गिर चुकी है। इसके अलावा कल्पा में 75 सेंटीमीटर, सांगला में 60 और छितकुल, आसरंग तथा रोपा में 90-90 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फ गिरने की सूचना है। ताजा हिमपात होने से जिले में जनजीवन ठहर गया है। पहली बर्फबारी के बाद ही यहां विद्युत, पेयजल, परिवहन तथा अन्य सेवाएं सामान्य नहीं हो पाई थीं कि दोबारा हिमपात ने लोगों को फिर मुश्किल में डाल दिया। जिला मुख्यालय का संपर्क देश-दुनिया से कट गया है। शिमला से सिर्फ टापरी तक ही बसें आ रही हैं। टापरी से ही शिमला और अन्य जगहों को बसें भेजी जा रही हैं। बर्फबारी से पूर्व में बहाल हुई अधिकांश सड़कें फिर बंद हो गई हैं। रिकांगपिओ से पूह को भी बसें नहीं जा रही हैं। बर्फबारी के कारण जिले में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कल्पा का तापमान अधिकतम तीन और न्यूनतम माइनस दो डिग्री दर्ज किया गया है। छितकुल में अधिकतम और न्यूनतम तापमान माइनस में ही चल रहा है। जिला मुख्यालय समेत अधिकांश क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। संचार व्यवस्था भी लड़खड़ा चुकी है। निगम की स्पीलो, पूह और कई स्थानों पर बसें फंसी हुई हैं।

Related posts