
डलहौजी (चंबा)। वर्ष 2013 जाते-जाते पर्यटन नगरी को चांदी की सौगात दे गया। सोमवार रात को अचानक मौसम बदलने के साथ ही मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार हिमपात होने से पर्यटन नगर सफेद चदर से ढक गई। मंगलवार को दिन भर हिमपात होता रहा।
नए वर्ष का स्वागत करने पहुचे पर्यटकों को ताजा हिमपात के चलते नए साल का जश्न दोगुने जोश के साथ मनाने का अवसर मिल गया। सोमवार रात को सोते समय पर्यटक आसमान पर तारे देख कर हिमपात को लेकर असमंजस में थे। लेकिन मंगलवार सुबह जब पर्यटक जागे तो आसमान से बर्फ के सफेद फाहाें ने उनका स्वागत किया। इसे देख पर्यटको का नए साल मनाने का जश्न दुगना हो गया डलहौजी में मंगलवार को दिन भर बर्फबारी जारी रही। ठंड की परवाह किए बगैर पर्यटकों ने इसका खूब आनंद लिया। कई सालों बाद 31 दिसंबर को डलहौजी में बर्फबारी हुई है। वहीं इससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। दिन भर तेज हवाओ साथ बर्फ गिरने का सिलसिला जारी रहा जिस कारण समूचा क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में है। जहां इस बर्फबारी ने पर्यटको को होटलों के भीतर रहने को मजबूर कर दिया वहीं गांधी चौंक व सुभाष चौंक पर दुकानदारों को मायूसी हाथ लगी। मौसम का यह हाल देख कई पर्यटक वापिस अपने घरों को लौट गए। बर्फबारी के चलते गांधी चौंक से बलेरा जाने वाली सड़क भूस्खलन होने से बंद हो गई। इस कारण दूसरी तरफ पर्यटकों की कई गाड़ियां फंस गईं। उधर, 31 दिसंबर की शाम का जश्न मनाने मंगलवार को डलहौजी का कार्यक्रम बनाकर घरों से निकले पर्यटकों को वापस लौटना पड़ा। दोपहर बाद तक बनीखेत से डलहौजी की सड़क बंद हो गई थी।
