बदहाल सड़कों पर मनाली के होटलियर उग्र

मनाली। पर्यटन क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध मनाली की सड़कों की बदहाली कारोबारियों पर भारी पड़ चुकी है। आठ महीनों से बंद पड़ी हवाई सेवाएं तथा बदहाल सड़कें पर्यटकों के लिए भी परेशानी का सबब बनी हुई है। कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे हो या वामतट मार्ग दोनों की हालत बद से बदतर हैं। दोनों सड़कों में जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं। यही हाल मनाली माल रोड का भी है। पर्यटन व्यवसाय से मनाली में हजारों लोगों के घरों के चूल्हे जलते हैं। लेकिन तीन साल चल रहे माल रोड के सौंदर्यीकरण का कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। इस कारण भी व्यवसायियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
माल रोड के दुकानदारों को लगातार यहां से उठने वाले धूल-मिट्टी से बचने के लिए मास्क का प्रयोग करना पड़ता है। अब इन समस्याओं को लेकर मनाली के तमाम पर्यटन संगठनों ने उग्र हो चुके हैं। मनाली होटलियरज एसोसिएशन के प्रधान अनूप ठाकुर ने बताया कि बंद पड़ी हवाई सेवा और बदहाल सड़कों के कारण पर्यटन व्यवसाय को गहरा धक्का लगा है। कहा कि मनाली से ही करोड़ों रुपये का टैक्स सरकार को जाता है। बावजूद इसके सरकार पर्र्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाएं जुटाने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन ने इन समस्याओं के बारे प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार से लगातार पत्र व्यवहार कर रही है। आंदोलन की पुष्टि करते हुए ठाकुर ने कहा कि दस अप्रैल को कुल्लू-मनाली की तमाम यूनियनें और संगठन बैठक मनाली में बुलाई है। इसी बैठक में आंदोलन की रूपरेखा भी तय की जाएगी।

Related posts