
रोहड़ू। बडियार के समीप जांगला सड़क पर बूलेरो जीप के दुर्घटनाग्रस्त होने से तेरह लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए रोहड़ू अस्पताल में भर्ती किया गया है। गंभीर रूप से घायल पांच लोग शिमला के लिए रेफर कर दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार रोहड़ू ने अस्पताल पहुंच कर घायलों को फौरी राहत दी है। सभी लोग कुटाड़ा के रहने वाले हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार शाम करीब चार बजे हुआ। जांगला सड़क पर बडियारा के समीप जीप एचपी 01 ए 2823 करीब पचास मीटर सड़क से नीचे लुढ़की है। वाहन में सवार सभी लोग कुटाड़ा गांव से रणसार के थाना गांव में किसी रिश्तेदार के घर मौत के बाद शोक व्यक्त करने गए थे। दुर्घटना का पता चलने पर स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए रोहड़ू अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को शिमला रेफर किया गया है। घायलों में कुटाडा गांव निवासी जगदीश, सुरेश कुमार, मुकेश कुमार, सरिता, ईश्वरी, बिशमा देवी, सुधा, शर्मिला, कमला, जय देवी, उर्मिला, रूमा देवी व खशकंडी निवासी प्रदीप कुमार शामिल हैं। दुर्घटना का पता चलते ही रोहड़ू अस्पताल में घायल के परिजनों की भीड़ उमड़ी है। पुलिस की ओर से डीएसपी राजकुमार चंदेल पूरी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल सुरेश कुमार, मुकेश कुमार, सरिता, बिशमा देवी, रूमा देवी को शिमला के लिए रेफर किया गया है। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार देविंद्र नेगी ने अस्पताल पहुंच कर शिमला के लिए रेफर घायलों को पांच पांच हजार व रोहड़ू अस्पताल में भर्ती अन्य घायलों को तीन हजार रुपये की फौरी राहत बांट दी है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी ने बताया कि अभी तक दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
