
बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल की तहसील कार्यालय में लोगों को तीसरे दिन प्रमाण पत्र मिल रहे हैं। हालत यह है कि दूर दराज से आई महिलाओं और अन्य लोगों को सारा दिन इंतजार कर खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। मौजूदा समय में कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर नहीं है तथा कार्यालय में लिपिक के तीन पद रिक्त हैं। सीपीएस एवं अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद कार्यालय में रिक्त पद नहीं भर पाए हैं। कंप्यूटर पर अकेले एक कर्मचारी को 10 घंटे ड्यूटी देने को बाध्य होना पड़ रहा है।
भोटा के कसीरी से आए गुलजारी सूद, बेबी सनम ने बताया कि 17 दिसंबर को बोनाफाइड एवं आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन फार्म जमा करवाए हैं तथा अभी तक प्रमाण पत्र नहीं मिल पाए हैं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह भी किया लेकिन उनकी बात किसी ने नहीं सुनी। निशा कुमारी, अनीता कुमारी गांव नारा ने बताया कि तीन दिन से प्रमाण पत्र बनाने आ रही हैं। ज्योति देवी, रमा देवी गांव अवाह बूलहा तथा पूजा देवी, शिल्पा गांव मोरसू ने बताया कि प्रमाण पत्र के लिए उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इसके अलावा ममता रानी गांव अंबेड़ी, शिल्पा गांव दांदडू, बलदेव गांव पथलयार सहित कई अन्यों ने बताया कि उन्हें बिना प्रमाण पत्र लिए वापिस लौटना पड़ा रहा है।
बाक्स: क्या कहते हैं कर्मचारी
तहसील कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी का कहना है कि पिछले दिन छुट्टी पर रहने के कारण आज भीड़ ज्यादा बढ़ गई है। ऑनलाइन प्रमाण पत्र बनाने में अधिक समय लगा रहा है। पिछले एक माह से 10 घंटे ड्यूटी दे रहा है। इसके बाद भी उसके काम की कोई गिनती नहीं है। सुबह साढ़े आठ बजे ड्यूटी पर पहुंच गया तथा शाम साढ़े सात बजे तक कार्य करना पड़ रहा है। दिन के समय सरवर की स्पीड स्लो रह रही है। शाम साढ़े़े तीन बजे तक 87 प्रमाण पत्र तथा छह रजिस्ट्री दर्ज की गई हैं। जबकि इसके बाद शाम साढ़े सात बजे तक 100 प्रमाण पत्र बनाए हैं।
बाक्स : क्या कहते हैं अधिकारी
कंप्यूटर कर्मचारी के छुट्टी पर रहने से समस्या
बड़सर तहसीलदार बली राम ने बताया कि कंप्यूटर कार्य देख रहे कर्मचारी के दो दिन छुट्टी पर रहने से समस्या हुई है। लोगों की भीड़ देखते हुए एक अन्य कर्मचारी को कंप्यूटर पर बिठा दिया है। उन्होंने बताया कि कार्यालय में कर्मचारियों की कमी पहले से बनी है। कार्यालय में तीन लिपिकों तथा डाटा एंट्री आपरेटर के पद रिक्त हैं। उन्होंने रिक्त पदों के बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया है। सीपीएस से भी कर्मचारियों की भर्ती की मांग रखी गई है।
