बड़ग्रां स्कूल से गायब पाए गए दो शिक्षक

भरमौर (चंबा)। बडग्रां पंचायत प्रधान ने प्राइमरी स्कूल बडग्रां का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान दो शिक्षक स्कूल से गायब पाए गए। छानबीन मेें पता चला है कि ये दानों अध्यापक बिना बताए छुट्टी पर गए हैं। बडग्रां पंचायत प्रधान छैला देवी ने बताया कि दोनों ही शिक्षक बिना बताए स्कूल से गायब पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत एसडीएम से की जाएगी। पंचायत प्रधान ने बताया कि जब वह सोमवार को स्कूल गईं तो वहां पर दो अध्यापक मौजूद थे और दो अन्य जेबीटी अध्यापक स्कूल से गायब पाए गए। गायब शिक्षकों की स्कूल में न तो छुट्टी की अर्जी थी और न ही उन्होंने इस संबंध में सीएचटी को अवगत करवाया था। इस स्कूल में 60 के करीब बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इन बच्चों के लिए विभाग ने एक सीएचटी व तीन जेबीटी शिक्षक तैनात कर रखे हैं। ऐसे में अध्यापकों के गायब रहने से बच्चों की पढ़ाई पर विपरीत असर पड़ना स्वाभाविक है। गौरतलब है कि जनजातीय क्षेत्र में बच्चों की परीक्षाएं दिसंबर माह में हो जाती हैं। अध्यापकों का स्कूल से बिना बताए गायब रहने से बच्चों के अभिभावकों में रोष है। पहले भी उपमंडल के दूरदराज के स्कूलों से शिक्षकों के गायब रहने की शिकायतें आती रही हैं। उच्चाधिकारी शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण करने की बात तो करते हैं, इसके बावजूद भी कई शिक्षक स्कूल से फरलू मार रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों शिक्षक बीते दो चार दिन से गायब चल रहे हैं। उधर, सेंटर हैड टीचर अमर सिंह का कहना है कि उन्हें दो शिक्षकों के स्कूल आने के संबंध में कोई सूचना नहीं है। उन्होंने छुट्टी के लिए प्रार्थना पत्र नहीं दिया है।

Related posts