बच्चों की प्रतिभा को पहचाना

चंबा। मुख्य डाकघर में जिले के स्कूली बच्चों के लिए पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका आयोजन यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन भारत सरकार के तत्वावधान में किया गया। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुंडला, केंद्रीय विद्यालय चमेरा दो करीयां, राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल चंबा व राजकीय प्राथमिक पाठशाला कसाकड़ा के लगभग 22 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। डाकघर अधीक्षक रणजीत सिंह राणा ने बताया कि संगीत किस प्रकार जीवन को छू सकता है, इस विषय पर आधारित प्रतियोगिता को लगभग 800 शब्दों में लिखना अनिवार्य किया गया था। उन्होंने बताया कि डाकघर विभाग की ओर से हर वर्ष स्कूली बच्चों के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों की ओर से लिखे गए पत्र चीफ पोस्टमास्टर जनरल सर्कल हिप्र को भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को दो हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1500 और तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को एक हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम रहने वाले लेखन का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आधिकारिक भारतीय लेखन के रूप में किया जाएगा। राणा ने कहा कि यूपीयू की ओर से प्रथम तीन लेखन को क्रमश स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रमाण पत्र व यूपीयू आफिशियल पोस्टेज स्टैंप की एलबम भेंट की जाएगी। इस प्रतियोगिता में पंकज कुमार, भास्कर चड्ढा, कुमारी सोनम, कुमारी साक्षी, धर्मेंद्र कुमार, हितेश कुमार, मनीष कुमार, आरयामान पुरी, रौनक बनर्जी, अनुराग पुरी, मनीश प्रजापति, प्रदीप मीणा, रवि चौधरी, बेबी, शगुन ओबराय व भुवन कुमार आदि ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर डाक विभाग के लेखाकार राजेंद्र सोनी, कार्यालय सहायक राकेश्वर कुमार, अमोल कुमार व सतपाल मौजूद रहे।

Related posts