बचत स्कीम के नाम पर लाखों की ठगी

हल्द्वानी। बचत स्कीम के नाम पर हल्द्वानी के 50 लोगों के करीब पांच लाख रुपए लेकर एक दुकानदार फरार हो गया। लंबे समय से एक पीड़ित को टाल रही पुलिस ने शनिवार को डीआईजी के आदेश पर दुकानदार और उसके कलेक्शन ब्वॉय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार किदवई नगर स्थित एमके इलेक्ट्रानिक्स में जनवरी 2011 में एक महाबचत स्कीम निकाली, जिसके अनुसार 800 रुपए प्रतिमाह या 27 रुपए रोज के हिसाब से दो साल तक भरने थे, जिसके तहत नगद इनाम या उतने मूल्य के इलेक्ट्रानिक उत्पाद मेंबरों को दिए जाने थे। स्कीम में अन्य मेंबर बनाने पर भी काफी फायदे दिखाए गए थे। सभी इनाम लकी ड्रा से निकलने थे। सबसे बड़ा फायदा ये था कि एक किश्त के बाद भी अगर लकी ड्रा निकलता तो पूरा पैसा मिलना था। जनवरी 2011 में ही किदवई नगर निवासी फईम अहमद खान ने भी इस स्कीम को ज्वाइन किया। उन्होंने 24 जनवरी 2011 को और 24वीं किश्त 2013 में जमा की। इसके बाद भी उनका लकी ड्रा नहीं निकला। जब वे दुकानदार मालिक मोबीन खान के पास गए तो वह टालने लगा। करीब छह माह पूर्व वह दुकान बंद कर फरार हो गया। शिकायत लेकर फहीम और उसके परिजन चौकी गए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उन्होंने डीआईजी से शिकायत की, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने उजाला नगर निवासी मोबिन खान और उसकी दुकान पर काम करने वाले अब्दुल के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया। उन्होंने करीब 50 लोगों को ऐसे ही चूना लगाया। पुलिस जांच में जुट गई है।

Related posts