बंगाणा में आग, दुकान राख

बंगाणा (ऊना)। बंगाणा बाजार में वीरवार देर रात्रि एक स्कूटर रिपेयर की दुकान में अचानक आग लग गई। आग से दुकान के भीतर रखे वाहनों के महंगे पुर्जे नष्ट हो गए हैं। लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने मामले के संदर्भ में शिकायत दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। दुकान के मालिक जसवंत सिंह ने बताया कि रोजाना की तरह वीरवार शाम को वह सात बजे के करीब दुकान बंद कर अपने घर बरनोह के लिए निकल गए। साढे़ नौ बजे उनकी दुकान के पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना दूरभाष के माध्यम से दी। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंच कर दुकान का ताला तोड़ा और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। जसवंत सिंह के मुताबिक आग से डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है। दुकान में रखे दोपहिया वाहनों के कई महंगे स्पेयर पार्ट जलकर नष्ट हो चुके हैं। आग लगने के तुरंत बाद बंगाणा विद्युत बोर्ड के कंट्रोल रूम में फोन करके उनको शार्ट सर्किट के बारे में जानकारी दी गई। लेकिन, दुकान की बिजली काटने कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस पर दुकानदारों ने विद्युत बोर्ड के प्रति गहरा रोष जताया है। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिकायत दर्ज कर ली है तथा दुकान में आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। उधर, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता जमीत सिंह ने बताया कि मामले के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

Related posts