फॉरेस्ट गार्ड भरती में हांफे युवा

बिलासपुर। लुहणू स्टेडियम में चल रही फॉरेस्ट गार्ड भर्ती का दूसरा दिन कई युवाओं के लिए निराशाजनक रहा। जिले में बढ़ रही प्रचंड गर्मी का प्रकोप भर्ती में भाग लेने आए युवाओं पर भी दिखाई दिया। भर्ती में कई युवा तो सौ मीटर की दौड़ भी पूरी नहीं कर पाए। कई युवा तो गर्मी के कारण बीच में ही दौड़ छोड़कर बाहर निकल आए।
लुहणू स्टेडियम में फॉरेस्ट गार्ड की भर्ती के लिए शुक्रवार को 46 युवाओं ने दमखम दिखाया। हैरानी रही कि कुल युवाओं में से केवल 13 अभ्यर्थी ही ग्राउंड टेस्ट पास कर पाए। बाकी अभ्यर्थी ग्राउंड टेस्ट क्लीयर करने में सफल नहीं पाए। ग्राउंड टेस्ट में पास युवाओं के लिए 30 जून को लिखित परीक्षा होगी। यदि लिखित परीक्षा में भी उत्तीर्ण रहे तो इन्हें फॉरेस्ट गार्ड बनने का मौका मिल सकता है। डीएफओ हेडक्वार्टर पवन चंदेल ने कहा कि बिलासपुर सर्कल के लिए फॉरेस्ट गार्ड भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बिलासपुर, नालागढ़, कुनिहार के अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं। जिन अभ्यर्थियों ने भर्ती के लिए आवेदन किया था, वही इसमें भाग ले रहे हैं। युवा कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन कई युवाओं को निराशा ही हाथ लग रही है। उन्होंने कहा कि जो युवा इस बार पास नहीं हो पाए हैं, वे आगामी भर्ती के लिए कड़ी मेहनत करें। इस दौरान कंजरवेटर अनिल ठाकुर, डीएफओ बिलासपुर डीआर कौशल सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।

Related posts