फैक्टरी मालिक पर 17 लाख का जुर्माना

काशीपुर। बिजली विभाग की टीम ने एक फैक्ट्री में छापामारी अभियान चलाकर लाखों रुपये की बिजली चोरी पकड़ी। वहीं एक स्कूल मालिक के घर में भी हजारों की बिजली चोरी पकड़ी गई। एसडीओ ने फैक्ट्री स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लगातार बढ़ते बिजली लोड के देखते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों ने छापामारी अभियान तेज कर दिया है। इसी के तहत विभाग की टीम ने रामनगर रोड स्थित प्लास्टिक प्रोडक्ट बनाने वाली कामेश्वर नाथ ट्रेर्ड्स पर छापामारा। टीम को मीटर में गड़बड़ होने की आशंका हुई, जिसपर टीम मीटर उतार कर विभाग के टेस्ट डिवीजन ले आई। टेस्ट डिवीजन में मालिक को बुलाकर मीटर खोला गया तो मीटर में शंट पाया। इस पर अधिकारियों ने फैक्ट्री मालिक पर बिजली चोरी करने के आरोप में 17 लाख रुपये का जुर्माना ठोका। साथ ही विभाग के एसडीओ (नगर) विवेक कांडपाल ने फैक्ट्री के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसके अलावा टीम ने रामनगर रोड़ पर ही एलबर्ट स्कूल के मालिक के घर भी छापा मारा। जहां मीटर में शंट लगा पाया गया। टीम ने मालिक पर 96 हजार रुपये का जुर्माना ठोका है। विभाग के ईई एसएस उस्मान ने बताया कि फैक्ट्री का पिछला उपभोग देखा गया था, जिसमें बिजली चोरी होने का आशंका व्यक्त की गई थी। इसी आधार पर छापा मारा गया। टीम में ईई परीक्षण तरुण कुमार, एसडीओ विवेक कांडपाल और जेई हरिशंकर सागर आदि मौजूद थे।

Related posts