
चंबा। जिला अस्पताल में बिन ब्याही नाबालिग का शौचालय में गर्भपात होने के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। शर्मनाक बात यह है कि नाबालिग को उसके रिश्तेदार ने ही हवस का शिकार बनाया है। यह व्यक्ति की दूर के रिश्ते की ममेरी बहन है। इस तरह आरोपी ने रिश्ते की नजदीकियों का फायदा उठाते हुए इस 17 वर्षीय नाबालिग को गर्भवती बनाया था। नाबालिग ने डर के मारे यह बात अपने माता-पिता से छुपा रखी थी। इस तरह छह माह से उसके पेट में बच्चा पलता रहा। बताया जा रहा है कि इस बीच उसने गर्भपात की कोशिश भी की, मगर बात बिगड़ गई और उसे ब्लीडिंग शुरू हो गई। लड़की के माता-पिता इसे महज पेट की बीमारी ही समझ रहे थे और उन्होंने जिला अस्पताल में डाक्टर को भी यही बताया था। बाद में जब नाबालिग के जिला अस्पताल के शौचालय में जाने पर अचानक गर्भपात हुआ और बच्चे को शौचालय की शीट में देखा गया, तब जाकर इस बात का खुलासा हुआ। यह बात पता चलते ही नाबालिग के अभिभावकों के होश उड़ गए। जब उन्होंने नाबालिग से इस बारे में जानकारी हासिल की तो और भी चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई। नाबालिग ने अपने पिता को बताया कि उसके साथ उसके रिश्ते के भाई निवासी गांव हलेला पंचायत परोथा ने दुष्कर्म किया था। युवक का घर नाबालिग के घर से दो किलोमीटर की दूरी पर ही स्थित है। इस बात का पता चलते ही युवती के पिता ने इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस थाना में की है। पुलिस ने नाबालिग का बयान दर्ज कर आरोपी युवक के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 506 के तहत रेप का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने वीरवार शाम को आरोपी युवक को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। पता चला है युवक की शादी एक साल पूर्व ही हुई है। उधर, एसपी जगतराम ने बताया कि पुलिस ने रेप का मामला दर्ज कर आरोपी युवक का गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
