
धर्मशाला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई ने कॉलेज की समस्याओं तथा मांगों को लेकर सोमवार को प्राचार्य का घेराव किया। सीएससीए प्रधान आदित्य शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों ने प्रिंसिपल से मुलाकात की तथा उन्हें ज्ञापन सौंपा। सीएससीए प्रधान ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्राचार्य राजनीति कर रहे हैं। शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा की ओर से उद्घाटन की गई आईटी लैब में छात्रों को सुविधा नहीं मिल पा रही। बीबीए, बीसीए तथा बॉयोटेक के लिए सेमीनार हॉल क्यों नहीं दिया गया। सीएससीए कार्यक्रम पदाधिकारियों के अनुमति से करवाया जाए, लाइब्रेरी में बीबीए, बीसीए तथा रूसा प्रणाली के पाठ्यक्रम की किताबें अभी तक नहीं आई हैं। इन्हें जल्द से जल्द उपलब्ध करवाया जाए, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इस मौके पर दर्जन भर से ज्यादा परिषद कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य कार्यालय के बाहर प्रदर्शन तथा नारेबाजी भी की। कॉलेज प्राचार्य प्रो. आरपी चोपड़ा ने राजनीति के आरोपों को खारिज किया तथा समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
