नायब सूबेदार मर्डर में गिरफ्तारी जल्द!

पालमपुर (कांगड़ा)। इलाके के अप्पर डाढ में हुई नायब सूबेदार की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ आरोपियों तक पहुंच सकते हैं। पुलिस यह दावा कर रही है। हालांकि, किसी का नाम पुलिस नहीं बता रही है। पुलिस को मामले में कई सुराग हाथ लगे हैं। शक के आधार पर गिरफ्तारियां हो सकती हैं। हालांकि, एक हफ्ता बीत जाने के बाद भी मर्डर में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस इस मामले में लगातार जांच कर रही है। पुलिस ने सोमवार को कई लोगों से पूछताछ की। अप्पर डाढ में पिछले रविवार को नायब सूबेदार विनोद कुमार की हत्या हुई थी। शव को नग्न अवस्था में सड़क किनारे फेंका गया था।
अब तक इस मामले में पुलिस एक महिला समेत करीब डेढ़ दर्जन लोगों के पूछताछ कर चुकी है लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हालांकि, पुलिस सूत्रों की मानें तो इस मामले में पुलिस को कुछ अहम सुराग लगे हैं। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि मामले में जल्द ही गिरफ्तारी हो सकती है। हालांकि, पुलिस इसके बारे में बताने से मना कर रही है। सोमवार को भी पुलिस ने थाना पालमपुर में करीब एक दर्जन लोगों से पूछताछ की है। डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि मामले में छानबीन चली हुई है और कई लोगों से पूछताछ की गई है। मामले में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं लेकिन अभी कुछ बताया नहीं जा सकता है।

Related posts