
चंबा। सदर थाना में जिला कांगड़ा के कडयाना निवासी आतो राम पुत्र मंशा राम की शिकायत पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठेहड़ के कार्यकारी प्रधानाचार्य राजिंद्र सिंह के खिलाफ ड्यूटी में बाधा पहुंचाने व मारपीट करने पर मामला दर्ज किया गया है। आतो राम ने कुठेहड़ स्कूल में शिक्षक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 10 जुलाई को जब वह ड्यूटी पर था तो आरोपी प्रधानाचार्य ने उसके साथ मारपीट की। इस कारण उसे गहरी चोटें आई है। उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। एसपी बीएम शर्मा ने बताया कि ड्यूटी में बाधा पहुंचाने व मारपीट करने पर प्रधानाचार्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 353 और 332 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगामी छानबीन में जुटी है।
