प्रदेश सरकार शनिवार से कांगड़ा प्रवास पर

धर्मशाला। प्रदेश सरकार शनिवार से कांगड़ा प्रवास पर पहुंचेगी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और अन्य मंत्री भी प्रवास में शामिल रहेंगे। चार दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री जिला कांगड़ा के विभिन्न इलाकों का दौरा कर दर्जनों योजनाओं की आधारशिला रखेंगे और शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री अपने प्रवास पर 28 दिसंबर को दोपहर बाद गगल पहुंचेंगे। दिल्ली से हेलीकाप्टर से 2 बजे गगल हवाई अड्डे पर उतरेंगे, जहां से वह शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के थरोट पहुंचेेंगे। यहां मुख्यमंत्री चंबी-थरोट सड़क पर बने पुल का लोकार्पण करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करेंगे। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस दिन मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम धर्मशाला के परिधि गृह में होगा। 29 दिसंबर सुबह नौ बजे धर्मशाला से इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के मंगवाल के लिए रवाना होंगे। जहां वह कंदरोड़ी -पक्काटियाला मार्ग पर बने मंगवाल खड्ड पुल को जनता को समर्पित करेंगे। इसके बाद वह डाहकुलाड़ा में छौंछ खड्ड पर प्रस्तावित चैनलाइजेशन परियोजना की आधारशिला रखेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर सवा दो बजे मुख्यमंत्री इंदौरा-रे सड़क पर बनने वाले सुरदवाह खड्ड पुल का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री इसके बाद इंदौरियां-मंड-मियानी-पारल सड़क पर बने टांडा पतन पुल का लोकार्पण करेंगे। 30 दिसंबर को मुख्यमंत्री नूरपुर से सुलह विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री पालमपुर के लिए रवाना होेंगे, जहां स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में लोगाें की समस्याएं सुनेंगे। 31 दिसंबर को मुख्यमंत्री पालमपुर से धर्मशाला के लिए रवाना होेंगे। यहां मुख्यमंत्री धर्मशाला नगर के लिए शहरी विकास मंत्रालय की योजना के तहत प्रस्तावित निर्माण परियोजना एवं धर्मशाला शहर में विभिन्न सड़कों का उन्नयन नामक परियोजना का शुभारंभ करेंगे।

Related posts