टांडा में बनाई जाएगी सराय : सुशांत

सलूणी (चंबा)। सांसद डा. राजन सुशांत ने वीरवार को सलूणी में एंबुलेंस का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि चंबा-कांगड़ा के 17 विधानसभा क्षेत्रों के लिए एंबुलेंस सुविधा प्रदान की जा रही है। अब तक वह 13 एंबुलेंस विभिन्न क्षेत्रों को दे चुके हैं। सलूणी में 14वीं एंबुलेंस का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला चंबा व कांगड़ा के दूरदराज गांवों के लोग इलाज करवाने अक्सर टांडा जाते हैं, इसलिए टांडा में सांसद निधि से एक सराय बनाई जाएगी। इस सराय में लगभग 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। सांसद ने कहा कि 108 एंबुलेंस मरीजों को स्थानीय अस्पताल तक तो पहुंचा देती है, लेकिन जिले से बाहर टांडा, आईजीएमसी या फिर पीजीआई चंडीगढ़ जाने के लिए मरीजों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। इसके चलते हर विधानसभा क्षेत्र में एंबुलेंस की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपायुक्त चंबा व सीएमओ को निर्देश दिए जाएंगे कि मरीजों को समय पर इलाज की सुविधा प्रदान की जाए। इसके अलावा रेफर करने पर टांडा व चंडीगढ़ ले जाने की व्यवस्था करें। सुधार सभा सलूणी को निर्देश दिए हैं कि गरीब लोगों को मुफ्त इलाज की व्यवस्था करें। उन्होेंने कहा कि सलूणी क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए 28 दिसंबर को पर्यटन अधिकारी व उपायुक्त से बैठक करेंगे। इस अवसर पर तहसीलदार सलूणी चेतन चौहान, बीडीओ योगिंद्र कुमार, भाजपा के जिला महासचिव मदन लाल, उपाध्यक्ष लक्ष्मण मिन्हास, देसराज बसंत, डलहौजी के पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र पटियाल और सलूणी के वार्ड सदस्य राजू मौजूद रहे।

Related posts