प्रदेश में बर्फबारी के चलते तीन एनएच समेत 330 सड़कें बंद

प्रदेश में बर्फबारी के चलते तीन एनएच समेत 330 सड़कें बंद

शिमला/मंडी
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के चलते दूसरे दिन मंगलवार को भी 3 एनएच जलोड़ी जोत, रोहतांग पास और एनएच 305 के अलावा राजमार्ग लाहौल-स्पीति-26 सहित 330 सडकें यातायात के लिए बंद रहीं। इससे परिवहन निगम के 211 रूट प्रभावित रहे। प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर एचआरटीसी की करीब 97 बसें फंसी हैं।

लाहौल-स्पीति में सबसे ज्यादा 73 सड़कें बंद हैं और 65 रूट प्रभावित रहे। चंबा और किन्नौर के भी दर्जनों रूट बंद रहे।  कोहरा पड़ने से शिमला सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 10 बजे के बाद परिवहन सेवा शुरू हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार तीन जनवरी तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान तापमान कम होगा।

हिमाचल में बर्फबारी के चलते लोक निर्माण विभाग ने कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। करीब 10 हजार कर्मचारियों को फील्ड में बर्फ हटाने के काम में लगाया गया है। विभाग के इंजीनियर इन चीफ भुवन शर्मा ने बताया कि तीन दिन के भीतर सभी सड़कें यातायात के लिए बहाल कर दी जाएंगी। 
न्यू ईयर में दस हजार वाहन आर-पार होंगे अटल टनल से
मंडी रेंज के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में डीजीपी संजय कुंडू ने कहा कि क्रिसमस के दिन रिकॉर्ड पांच हजार वाहनों की अटल टनल से आवाजाही हुई है। पुलिस जवानों ने माइनस 18 डिग्री तापमान पर अपनी ड्यूटी संजीदगी से निभाई। उन्होंने कहा कि अब नए साल पर दस हजार के करीब वाहनों के अटल टनल से आर-पार होने की संभावना है। टनल में सुरक्षा व्यवस्था और सर्विलांस कड़ा किया गया है। 

Related posts