पौड़ी, टिहरी, यूएस नगर और देहरादून अगले दौर में

गोपेश्वर। यहां जीआईसी में बृहस्पतिवार को त्रयोदश राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता शुरू हो गई है। प्रतियोगिता में पौड़ी, टिहरी, यूएस नगर और देहरादून की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
उद्घाटन मैच मेजबान चमोली और पौड़ी के बीच खेला गया। पौड़ी के खिलाड़ियों ने लगातार दो सेटों में 3-1 से जीत हासिल की। इसके बाद दूसरा मैच टिहरी और अल्मोड़ा के बीच खेला गया। टिहरी ने 3-0 से जीत दर्ज की। तीसरे मैच में ऊधम सिंह नगर ने नैनीताल को 3-1 से तथा देहरादून ने हरिद्वार को 3-0 से हराया। इसी प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में अल्मोड़ा ने टिहरी को 3-0 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। अंडर 14 बालक वर्ग में नैनीताल ने टिहरी को 3-0 से हराया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को हार-जीत की भावना के बजाय खेल भावना से खेलना चाहिए। इस मौके पर मुख्य शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह नेगी, हरीश डंगवाल, अजय लिंगवाल, केके डिमरी, उमेश जोशी, केसी पंत, गोपाल बिष्ट, हेमराज, लता झिंक्वाण, रंजना पांडे, एकता नेगी आदि मौजूद थे।

Related posts