
सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर पंचायत सुजानपुर की ओर से शहर के वार्डों में स्ट्रीट पोल तो स्थापित कर दिए गए हैं, लेकिन लाइटें लगाना विभाग शायद भूल गया है। क्षेत्र के लोगों में विभाग के प्रति रोष है। संजीव कुमार, राकेश, राहुल, सोहन लाल, प्रदीप का कहना है कि शहर के नौ वार्डों में कुल 27 स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जानी थी। प्रत्येक वार्ड में तीन लाइटें स्थापित होनी हैं। करीब तीन माह पहले स्ट्रीट पोल स्थापित कर दिए गए हैं, लेकिन तीन माह के अंतराल में अभी तक स्ट्रीट लाइटें नहीं लग पाई हैं। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग को समस्या के प्रति कई बार अवगत भी करवाया जा चुका है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। लोगों ने विभाग से मांग की कि स्ट्रीट लाइटों को स्थापित किया जाए। उधर, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज ठाकुर का कहना है कि जल्द ही योजना को अमलीजामा पहना दिया जाएगा।
