
आनी (कुल्लू)। जिला मुख्यालय जाने के लिए पैदल जलोड़ीजोत पार करने वाले लोगों के लिए प्रशासन ने कड़ी चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने अपने आदेश में कहा है कि जलोड़ीजोत में भारी बर्फबारी हुई है। ऐसे में कोई भी व्यक्ति पैदल जोत पार करने का प्रयास न करे। आउटर सिराज की जनता के लिए लूहरी, आनी तथा औट मार्ग कुल्लू जाने के लिए सबसे नजदीक रास्ता है। बर्फबारी के बाद सैकड़ों लोगों की आवाजाही जलोड़ी दर्रे से पैदल होती रहती है।
जलोड़ीजोत में हुई भारी बर्फबारी के चलते यहां से पैदल सफर करना अब किसी खतरे से कम नहीं है। स्थानीय जनता तोताराम ठाकुर, मंगतराम कारदार, बुद्धि सिंह राणा के अनुसार जलोड़ीजोत पर बीते दिन से हो रही लगातार बर्फबारी के बाद करीब 120 सेंमी से अधिक बर्फ गिर चुकी है। जबकि जलोड़ी में पहले ही 180 सेंमी बर्फ जमी हुई। और ताजा बर्फबारी के साथ मिला कर यह तीन सौ सेंमी से अधिक हो गई है। इससे खतरा अब पहले से भी कहीं अधिक बढ़ गया है। जिला उपायुक्त ने जहां पहले ही अलर्ट जारी कर दिया है, वहीं आनी प्रशासन ने भी स्थानीय लोगों से अपील की है। एसडीएम आनी नीरज गुप्ता ने आम जनता से अपील की है कि जलोड़ीदर्रे को पार न करें। भारी बर्फ के जमने के बाद से यहां अब हिमखंड के आने का खतरा भी बना हुआ है। रघुपुर गढ़, सरेऊलसर, बुच्छेरचूढ़, आदि चोटियां बर्फबारी के बाद लकदक हो गई हैं।
