पेड़ गिरा, बाल-बाल बचे विद्यार्थी

थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की राजकीय माध्यमिक पाठशाला दोबड़ में तेज अंधड़ से मंगलवार सुबह 11 बजे आम का बड़ा पेड़ गिरने से विद्यार्थी बाल-बाल बच गए। पाठशाला के मुख्याध्यापक गोपाल सिंह ने बताया कि हादसे के दौरान विद्यार्थ्यों का मासिक टेस्ट लिया जा रहा था। जिस कारण बच्चे बच गए। सामान्य दिनों में बच्चों की कुछ कक्षाओं को बरामदे और परिसर में भी बैठाया जाता है। शिक्षकों ने बताया कि पाठशाला के ठीक पीछे एक और आम का पेड़ गिरने वाला है। भूमि कटाव से इस पेड़ की जड़ें बाहर निकल चुकी हैं। यह किसी भी समय गिर कर पाठशाला के भवन के साथ-साथ विद्यार्थियों को नुकसान पहुंचा सकता है। मुख्याध्यापक ने बताया कि इस समस्या से निजात के लिए पाठशाला के स्टाफ ने लिखित शिकायत अधिशासी अभियंता लोनिवि बंगाणा को कुछ सप्ताह पहले दी थी। लेकिन, विभाग ने समय रहते कोई कदम नहीं उठाया है। शिक्षकों का कहना है कि पाठशाला के पीछे जो पेड़ गिरने के कगार पर है, वह बहुत भारी है। इसके गिरने से लाखों का पाठशाला भवन नष्ट हो सकता है। शिक्षकों नरेश कुमार, योगराज, विधि चंद, एसएमसी प्रधान गुलजारी लाल, सदस्य मोनिका देवी, संतोष कुमारी, पवन कुमार ने लोक निर्माण विभाग और शिक्षा विभाग से वृक्ष को अतिशीघ्र कटवाने की मांग की है। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीएस देहल ने कहा कि स्कूल के पीछे गिरने के कगार पर खड़े वृक्षों को वन विभाग हटाएगा। लोनिवि का इससे कोई संबंध नहीं है।

Related posts