पुलिस मैदान में दौड़े 4500 युवा

चंबा। पुलिस मैदान बारगाह में आयोजित सेना भर्ती के दूसरे दिन 4500 युवाओं ने अपना भाग्य आजमाया। शनिवार को कांगड़ा जिला के धर्मशाला, कांगड़ा, देहरा, शाहपुर, बढ़ोह और रक्कर के उम्मीदवारों के लिए भर्ती का आयोजन किया गया था। भर्ती ग्राउंड के बाहर शनिवार सुबह तीन बजे से ही भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। भर्ती प्रक्रि या शनिवार को सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई। पुलिस मैदान से लेकर ततवानी तक युवाओं की लंबी लाइन लगी हुई थी और युवा अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। भर्ती में हिस्सा लेने वालों की भारी तादाद को देखते हुए सेना के जवानाें के अनुशासन के चलते समस्त प्रक्रियाएं शांतिपूर्वक पूर्ण हुई। भर्ती के आयोजन के लिए जगह-जगह सेना के जवान तैनात किए गए हैं। चंबा के पुलिस मैदान में चार अक्तूबर से लेकर दस अक्तूबर तक चंबा व कांगड़ा के युवाओं के लिए सेना की खुली भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। इसमें हजारों की तादाद में युवा भर्ती देने पहुंचे थे। शहर के होटल व लाज बुक हो गए थे। सैकड़ों युवाओं को रात को चौगान में ही सोना पड़ा। भर्ती देने पहुंचे युवा रोहित, विजय कुमार, तेज पाल, तरूण, देविंद्र शर्मा, राजेश कौंडल, और शुभम ने बताया कि भर्ती मैदान के बाहर वे सुबह चार बजे पहुंच गए थे। निदेशक रिक्रूइटमेंट पालमपुर नवजोत कंग ने बताया कि शनिवार को 4500 के करीब युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। उन्होंने कि 10 अक्तूबर तक भर्ती प्रक्रिया का आयोजन किया जाएगा।

Related posts