
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई निर्वाचन क्षेत्र के तहत अपर जरवा गांव निवासी मृतक मोहन लाल के शव का शिलाई पुलिस ने रविवार को पांवटा साहिब में पोस्टमार्टम करवाकर नमूने जांच के लिए फोरेंसिक लेब भेज दिए हैं। मृतक के अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में पूछताछ के लिए जरवा गांव के चार व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया गया है।
बीते शुक्रवार को अपर जरवा निवासी मोहन लाल 35 वर्ष का शव गांव के समीप एक टैंक में पाया गया था। कुछ ग्रामीण उसे हरिपुरधार अस्पताल ले गए थे जहां उसे चिकित्सकों ने मृतक घोषित कर दिया। बाद में मामले की सूचना शिलाई पुलिस को दी गई। मामला संगीन होते देख शिलाई पुलिस ने डीएसपी पांवटा को घटना की सूचना दी। डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह राठौर ने मौके पर जाकर कार्रवाई की और शव को अपने कब्जे में ले लिया। रविवार को पांवटा अस्पताल के चिकित्सकों के दल ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर नमूने जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिए हैं। शक के आधार पर जरवा गांव निवासी बीजाराम, कुंदन सिंह, जागर सिंह और गंगाराम को हिरासत में लिया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है । वहीं इस संबंध में थाना प्रभारी शिलाई बालकराम चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है, लेकिन जब तक लैब की जांच रिपोर्ट नहीं आती कुछ कहा नहीं जा सकता है। पुलिस हर तरह से मामले की गहनता से जांच कर रही है।
