
पीएचसी बद्दी में जड़ा ताला
बद्दी (सोलन)। हिंंद मजदूर सभा के पदाधिकारियों ने भुड्ड स्थित ईएसआई डिस्पेंसरी में रात्रि सेवा बंद करने पर पीएचसी बद्दी में जमकर नारेबाजी की। गुस्साए लोगों ने पीएचसी में ताला जड़ा और रात्रि ड्यूटी देने आई महिला चिकित्सक को जबरन वापस भुड्ड डिस्पेंसरी भेज दिया। बीएमओ ने लिखित आर्डर जारी करके महिला की ड्यूटी बद्दी डिस्पेंसरी में लगाई थी। चार दिन पहले स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर के निर्देशानुसार भुड्ड डिस्पसेंरी में रात्रि सेवा बंद करके बद्दी डिस्पेंसरी में रात्रि ड्यूटी शुरू कर दी थी।
सोमवार करीब पांच बजे जैसे ही महिला चिकित्सक पीएचसी पहुंची तो हिंद मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष मेला राम चंदेल, जिला महासचिव राजू भारद्वाज, गुरदास चंदेल, रविंद्र चंदेल, गोपाल सिंह और लक्की अनिल चंदेल ने नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भुड्ड स्थित ईएसआई डिस्पेंसरी में रात्रि सेवा बंद होने कामगारों को को उपचार नहीं मिल रहा है। भुड्ड तथा इसके आसपास चार सौ से उद्योगों के हजारों कामगारों को रात्रि के दौरान उपचार के लिए भटकना पड़ रहा है। प्रदेश सरकार ने वहां पर रात्रि को ड्यूटी करने वाले चिकित्सकों की ड्यूटी बद्दी स्थित पीएचसी में कर दी है। हिंद मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष मेला चंदेल कहा कि सभा बद्दी स्थित पीएचसी का विरोध नहीं कर रही है, लेकिन सभा चाहती है कि बद्दी में दूसरा स्टाफ लाया जाए। वहीं खंड चिकित्सा अधिकारी डा. हरमोहिंद्र सिंह ने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से जो निर्देश उन्हें मिले हैं उसकी अनुपालना की गई है। महिला चिकित्सक के ड्यूटी पर न जाने की सूचना उन्होंने सीएमओ सोलन को दे दी है। सीएमओ ने स्वास्थ्य मंत्री को इस बारे में अवगत करवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि महिला चिकित्सक के लिए बद्दी पीएचसी में सुरक्षा गार्ड भी मुहैया करवाया गया है। इसके अलावा दो फार्मासिस्ट भी ड्यूटी पर चिकित्सक के साथ रहेंगे। ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक ने बताया कि ताला लटकाने के कारण वे भुड्ड डिस्पेंसरी में ड्यूटी देने जा रही हैं।
