पालकवाह में छात्रों से भरी बस पलटी

ऊना |

20 विद्यार्थियों  सहित एक शिक्षिका घायल
ऊना:
हरोली क्षेत्र के पालकवाह में निजी स्कूल की बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से लगभग 20 विद्यार्थी घायल हो गए हैं। सुबह के समय हुए इस हादसे में घायल नौनिहालों को जख्मी हालत में हरोली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार किया गया। इस हादसे में 4 विद्यार्थियों  सहित एक शिक्षिका को गहरी चोटें पहुंची हैं जबकि बाकी विद्यार्थियों  को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने इस संबंध में मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल प्रारंभिक तौर पर हादसा बस की ब्रेक फेल होने के कारण हुआ बताया जा रहा है। जिस जगह पर हादसा हुआ उसकी दूसरी तरफ गहरी खाई थी लेकिन गनीमत रही कि बस खाई में नहीं गिरी जिससे बड़ा हो सकता था।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पालकवाह में एक निजी स्कूल की बस बच्चों को स्कूल लेकर जा रही थी कि उतराई पर बस की ब्रेक फेल हो गई। चालक बस को नियंत्रण में करने की कोशिश करता रहा लेकिन बस संभल नहीं पाई। चालक ने होशियारी दिखाते हुए बस को खाई में गिरने से बचाते हुए दूसरी तरफ कर दिया। बस पलट गई और उसमें सवार स्कूल के विद्यार्थी और एक शिक्षिका घायल
हो गई।


हादसे की खबर पाते ही मौके पर काफी लोग जमा हो गए और अभिभावक भी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। अस्पताल में अपने नौनिहालों को सकुशल देख अभिभावकों की जान में जान आई। इस संबंध में पुष्टि करते हुए हरोली थाना प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना आई थी और मामले की जांच की जा रही है।

Related posts