पांच से सात बजे तक वाहनों की नो एंट्री

नालागढ़ (सोलन)। शहर में अब लोग शाम के समय माल रोड की तर्ज पर घूम सकेंगे और खरीददारी भी करेंगे। उपमंडल प्रशासन की भेजी गई प्रोपोजल पर जिला प्रशासन ने नई अधिसूचना में शाम 5 से 7 बजे तक वाहनों के प्रवेश और निकासी पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया है। यह व्यवस्था कालका चौक तथा रोपड़ चौक वाले बाजारों वाले मार्गों पर की गई है। सुबह 8 से शाम 8 बजे तक चौपहिया वाहनों पर भी पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। जिला प्रशासन की ओर से पहले जारी आदेशों के मुताबिक नालागढ़ शहर में सुबह 8 से शाम 8 बजे तक चार पहिया वाहनों पर पूर्णतया प्रतिबंध है। नालागढ़-रोपड़ चौक से बाबा बर्फानी चौक से वाहनों का प्रवेश और बाबा बर्फानी चौक से कालका चौक के लिए वाहनों की निकासी का प्रावधान किया गया है, बावजूद शहर में वाहनों की भरमार रहती थी। इससे लोगों को परेशानी होती है। लोगों ने उपमंडल प्रशासन, पुलिस तथा नगर परिषद से कई बार ऐसी मांग उठाई थी कि शहर में माल रोड की तर्ज पर बाजार में वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद होनी चाहिए। एसडीएम नालागढ़ यूनुस ने कहा कि जनहित में इस प्रोपोजल को जिला प्रशासन को भेजा गया था। उन्होंने वाहन चालकों से आह्वान किया कि वे आदेशों को पालन करें।

आपातकाल में मिलेगा प्रवेश : डीसी
उपायुक्त मीरा मोहंती ने कहा कि नालागढ़ शहर में माल रोड की तर्ज पर दो घंटे के लिए यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा। सुबह 8 से शाम 8 बजे तक आठ बजे तक चौपहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित है। आपातकाल में आवाजाही प्रतिबंधित नहीं होगी।

Related posts