
चंबा। जिले में दो दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मिंजर मेले में खलल डाल दिया है। वीरवार देर रात हुई बारिश से चंबा के चौगान में कीचड़ और पानी भरने से मेला देखने आए लोगों को मुश्किलें पेश आ रही हैं। मौसम विभाग ने रविवार तक बारिश होने की बात कही है। इस कारण मेले में कारोबार करने पहुंचे दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है। दिल्ली के दुकानदार अकरम खान, विपुल और आजाद ने बताया कि बारिश शुरू होने से काफी कम ग्राहक मेले में खरीददारी के लिए पहुंच रहे हैं। इससे कारोबार में काफी कमी आ गई है। चौगान के प्रवेश द्वार में बारिश की वजह से कीचड़ जमा हो गया है। इससे खरीददारी करने पहुंच रहे लोगों को मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं। चौगान नंबर तीन में लगे झूले में भी काफी कम भीड़ देखने को मिली। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन ने बताया कि शुक्रवार को चंबा का न्यूनतम तापमान 19.5 के करीब रहा। उन्होंने बताया कि रविवार तक बारिश होने की संभावना है।
